जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह बाजार से बिरसानगर जाने वाले रास्ते के बीच काली मंदिर स्थित एक दुकान में शार्ट सर्किट हो जाने से काम कर रहे इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गयी. उक्त इलेक्ट्रिशियन की मौत की खबर मिलते ही परिजन टाटा मुख्य अस्पताल जुटे, जहां इन लोगों ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दायर किया और मुआवजा की मांग को लेकर हंगामा भी किया. मौके पर पुलिस की टीम पहुंची है, जहां बिरसानगर पुलिस को जानकारी साझा की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 8 के काली मंदिर के पास स्थित श्रीजी कलेक्शन नामक कपड़े की दुकान में साफ सफाई और नये सिरे से बनाने का काम चल रहा था. इलेक्ट्रिशियन बागुनहातू निवासी 28 वर्षीय विशाल लोहार बिजली का काम कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

काम के दौरान ही अचानक बिजली का जोरदार करंट उसको लगा, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया. उसको तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां उसको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मामले की सूचना मिलते ही परिजन जुटे और शव को रोका. शव को रखकर इन लोगों ने मुआवजा की मांग की. इसके बाद पुलिस के समक्ष इन लोगों ने कार्रवाई करने की मांग की. पुलिस ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. फिलहाल, लोगों में गुस्सा और गम दोनों है.












