जमशेदपुर : कदमा स्थित एडीएल सोसाइटी में दो गुटों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. वर्तमान अध्यक्ष वाइ ईश्वर राव एवं पूर्व महासचिव के गुरुनाथ राव के गुटों में एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोपों का दौर जोर-शोर से चल रहा है. इसी क्रम में रविवार को वर्तमान अध्यक्ष वाइ ईश्वर राव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर के गुरुनाथ राव एवं उनके गुट पर पूर्व में मनमानी एवं अवैध गतिविधियां चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी टीम द्वारा उनके गलत कामों को सामने लाये जाने के कारण उन लोगों द्वारा तरह-तरह से सोसाइटी का कामकाज प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

ईश्वर राव ने सोसाइटी के प्रस्तावित चुनावों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने स्थानीय प्रशासन से चुनाव के दौरान विधि व्यवस्था के लिए अनुमति मांगी है, अनुमति मिलते ही सोसाइटी के संविधान के अनुसार डेढ़ माह के अंदर चुनाव संपन्न करा लिया जाएगा. सोसाइटी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है, सिर्फ प्रशासन की अनुमति का इंतजार है. उन्होंने बताया कि उनकी आगामी 31 जुलाई से चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है, जिसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है. पूर्व महासचिव के गुरुनाथ राव एवं मजी रविकुमार पर सोसाइटी को लगातार दूषित करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके अनर्गल बयानबाजी से सोसाइटी के आजीवन सदस्यों को चोट पहुंची है. उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पूर्व में किये गये असंवैधानिक कार्यों पर वर्तमान कमेटी द्वारा कार्रवाई किये जाने से बौखलाकर गुंडागर्दी पर उतर आये और आमसभा नहीं होने दी ताकि उनके गलत कार्यों को आम सदस्यों तक नहीं पहुंचाया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आरोप लगाया कि एम रविकुमार ने अपने कार्यकाल में संस्था के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मनमाना काम किया. एमपी हॉल बनाने के नाम पर पसंदीदा ठेकेदार को ठेका देने से लेकर सोसाइटी में पुस्तक विक्रेता से कैश पैसे लेकर अपनवे पास रख लेने, मिट्टी हटाने के नाम पर फर्जी बिल बनाकर कोषाध्यक्ष पी सह्याद्रि राव पर भुगतान का दबाव बनाने एवं घोटालों में समर्थन नहीं करने पर बिना नोटिस दिये कोषाध्यक्ष पी सह्याद्रि राव व तत्कालीन सचिव एम नागेश्वर राव को कमेटी से निष्कासित कर देने तक कई अनियमितताएं करने के आरोप लगाते हुए अब अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाया. के गुरुनाथ राव गुट द्वारा सोसाइटी के स्कूल में तेलुगु लोगों को प्राथमिकता नहीं देने का आरोप लगाये जाने पर उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में उन्होंने 95 फीसदी गैर तेलुगु शिक्षकों की बहाली कराई और शेष 5 फीसदी सीटों पर अपने रिश्तेदारों को बहाल किया, जिसका पूरा आंकड़ा उनके पास है. उन्होंने कहा कि एम रविकुमार ने बार बार चेताने के बाद भी जब के गुरुनाथ राव की राह पर चलना बंद नहीं किया तब के गुरुनाथ राव को सोसाइटी के नियमानुसार उन्हें सोसाइटी से निष्कासित करना पड़ा और उनका निष्कासन आज भी लागू है. (नीचे भी पढ़ें)
ईश्वर राव ने के गुरुनाथ राव एवं एम रविकुमार को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि दोनों एक दूसरे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्कूल में तेलुगु शिक्षकों की शीघ्र बहाली कराने के लिए उन्होंने शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है. वहां से अनुमति मिलते ही तेलुगु शिक्षकों की बहाली की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान कमेटी द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों की लंबी फेहरिश्त भी पेश करते हुए आरोप लगाया कि गुरुनाथ राव गुट इसके विपरीत लोगों को गुमराह करने में जुटा हुआ है.



