चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर थानांतर्गत जमुआ पंचायत के पिताजुड़ी मध्य विद्यालय के पीछे सोमवार की सुबह बकरी चरा रही नेबुरा बीबी नामक महिला को झाड़ियों में एक नवजात शिशु मिला है. बच्चा झाड़ियों में पड़ा रो रहा था. बच्चे को लेकर महिला अपने घर आई, जिसके बाद श्यामसुंदरपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई. थाना प्रभारी सुनील भोक्ता ने नेबुरा बीबी के घर पहुंचे और पुलिस के वाहन से नवजात शिशु को धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल नवजात स्वस्थ है. (नीचे भी पढ़ें)
आशंका जताई जा रही है कि किसी बिन ब्याही युवती ने लोकलाज के कारण अपने नवजात शिशु को झाड़ियों में फेंक दिया होगा. नेबुरा बीबी ने बताया कि वह सुबह मध्य विद्यालय के पीछे बकरी चरा रही थी. इसी दौरान उसे झाड़ियों से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. महिला ने झाड़ियों के पास जाकर देखा तो वहां एक नवजात शिशु पड़ा रो रहा था. इसके बाद वह उक्त शिशु को उठाकर अपने घर लाई और उसे नहलाकर साफ किया. थाना प्रभारी श्री भोक्ता ने इस संबंध में बताया कि बच्चा फिलहाल स्वास्थ्य है. नवजात को झाड़ियों में छोड़नेवाली महिला की तलाश के लिए छानबीन की जा रही है.



