जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की नयी कमेटी का नाम रजिस्टर बी में दर्ज हो गया है. झारखंड के श्रमिक संघ के अपर निबंधक की ओर से वर्तमान कमेटी को रजिस्टर बी में दर्ज करने का सर्टिफिकेट प्रदान किया गया. रांची में यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के नेतृत्व में सारे पदाधिकारियों ने ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार के पास पहुंचकर यूनियन का सर्टिफिकेट हासिल किया. गौरतलब है कि टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनाव 3 फरवरी 2024 से 4 फरवरी 2024 के बीच हुआ था. इसमें नयी कमेटी चुनकर आयी थी. नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की सूची में अंकित संघ के पदाधिकारियों का नाम श्रमिक संघ अधिनियम 1926 के तहत फार्म बी में दर्ज किया गया है. यह कार्यकारिणी 2024 से 2027 तक के लिए होगा. (नीचे भी पढ़ें)
श्रम विभाग के निबंधक ट्रेड यूनियन ने कहा है कि यूनियन के अस्तित्व के संबंध में जानकारी के लिए आंकड़े भरकर प्रत्येक वर्ष 30 अप्रैल तक निबंधक ऑफिस में अवश्य भेज दिये जाये अन्यथा श्रम विभाग यह समझेगा कि यूनियन कार्यरत नहीं है. करीब डेढ़ साल के बाद यूनियन की वर्तमान कमेटी को रजिस्टर बी में दर्ज किया गया है. सर्टिफिकेट लेने के दौरान अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, कोषाध्यक्ष आमोद दुबे, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, संजीव तिवारी, संजय सिंह, राजीव चौधरी, सहायक सचिव नितेश राज, श्याम बाबू और अजय चौधरी मौजूद थे. दरअसल, किसी भी ट्रेड यूनियन के लिए मान्यता का सबसे बड़ा ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार का होता है, जिसमें नयी कमेटी का नाम रजिस्टर बी में दर्ज होता है. टाटा वर्कर्स यूनियन अब अधीकृत तौर पर सारे समझौता मैनेजमेंट के स्तर पर कर सकेगी.



