जमशेदपुर : हिन्दी के प्रख्यात आलोचक और लेखक प्रो अरूण होता ने कहा है कि हिन्दी का समकालीन स्त्री कथा साहित्य देह की नहीं, देश की बात करता है. यह अपनी विषय वस्तु का चयन अपने आसपास और वैश्विक परिवेश को ध्यान में रखकर करता है. प्रो होता गुरुवार को जमशेदपुर को – ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर एवं झारखंड साहित्य कला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “समकालीन स्त्री कथा साहित्य : चिंता और चेतना” विषय पर आयोजित व्याख्यान को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह ने कहा कि स्त्री वर्जनाओं के लिए नहीं बनी है. स्त्री को सृष्टि की जननी बताते हुए उसे शारीरिक और मानसिक रूप से पुरुष की तुलना में श्रेष्ठ बताया. उसके प्रति सम्मान और संवेदनापूर्ण दृष्टि विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के तौर पर बोलते हुए पश्चिम बंग राज्य विश्विद्यालय के हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो अरुण होता ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि बाजारीकरण, उदारीकरण, औद्योगीकरण के इस दौर में विकास, उन्नति-उन्नयन के नारे खूब लगें, लेकिन परिवर्तित परिस्थितियों में स्त्री की विभिन्न स्तरीय दशा की ओर सर्वप्रथम हिन्दी साहित्य ने अपनी चेतना जागृत की. इस जागृति में स्त्री कथाकारों ने अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई है और उनकी कहानियों का दायरा देश और विश्वव्यापी है. प्रो होता ने विमर्श परक रचनाओं पर बल दिया एवं विभिन्न भाषाओं के रचनाकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि स्त्री-विमर्श मात्र स्त्री-देह-विमर्श नहीं, उसका फलक अत्यन्त विस्तृत है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने स्त्री रचनाकारों की रचनाओं में मौजूद विविधता को उजागर करते हुए उनकी कहानियों में उद्घाटित पारिवारिक, सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक आदि मुद्दों पर बात की. उन्होंने समकालीन स्त्री कथाकारों की कहानियों का उदाहरण देते हुए उनके विविध विषयों की महत्ता पर चर्चा की. डॉ.विजय शर्मा की कहानी का उदाहरण देते हुए उन्होंने उसमें वर्णित दंगाई-सांप्रदायिक वातावरण के मनुष्यता पर पड़ते प्रभाव और केवल बेटे में ही वारिस तलाशने की परंपरागत प्रवृत्ति को वर्तमान संदर्भों से जोड़ते हुए बेहतर तरीके से अभिव्यक्त किया है. उन्होंने अवधारणा एवं अनुभव आधारित कथा-साहित्य की विशेषताओं से अवगत कराया और समाज के सुदृढ़ीकरण में स्त्री कथाकारों की भूमिका एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार और सिने आलोचक डॉ विजय शर्मा, डॉ क्षमा त्रिपाठी, डॉ ब्रजेश मिश्रा, डॉ सत्यप्रिय महालिक, डॉ एके झा, डॉ सुभाष गुप्ता, डॉ पुष्पा कुमारी, डॉ भारती कुमारी, डॉ नीता सिन्हा, डॉ अंतरा कुमारी, डॉ अशोक कुमार रवानी, डॉ मंगला श्रीवास्तव, प्रो ब्रजेश कुमार तथा विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं शिक्षक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रियंका सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ रुचिका तिवारी ने किया.














