जमशेदपुर : जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित स्विमिंग पूल में टाटा स्टील की स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट और स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमिटी के द्वारा आयोजित इंटर जेडीसी वाटर पोलो टूर्नामेंट 2025 का दो दिवसीय आयोजन 16 और 17 जुलाई को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. टूर्नामेंट में टाटा स्टील के विभिन्न विभागों की जेडीसी टीमों ने भाग लिया और जलक्रीड़ा के इस चुनौतीपूर्ण खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कोक प्लांट जेडीसी ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का विजेता खिताब हासिल किया. इंजीनियरिंग सर्विसेज एंड इक्यूएमएस जेडीसी ने शानदार मुकाबला करते हुए रनर अप स्थान प्राप्त किया, जबकि सीआरएम जेडीसी ने अच्छा प्रदर्शन कर तीसरा स्थान अर्जित किया. पुरस्कार वितरण समारोह में प्रबंधन की ओर से इंजीनियरिंग सर्विसेज हेड विक्रम प्रताप त्रिपाठी, स्पोर्ट्स हेड हेमंत गुप्ता, टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष संजय सिंह, विभिन्न विभागों के यूसीएम और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी.
अपने संबोधन में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन कर्मचारियों की फिटनेस, टीम भावना और मानसिक स्फूर्ति को बढ़ावा देते हैं, जो कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन में सहायक होते हैं. इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में अनन्या लिपि, विजय चौधरी, फिरोज तथा स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा. इंटर जेडीसी वाटर पोलो टूर्नामेंट 2025 टाटा स्टील के कर्मचारियों के बीच खेल के प्रति उत्साह और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को और मजबूती प्रदान करने वाला एक प्रेरक आयोजन सिद्ध हुआ.



