जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में अपने वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त होने एवं दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त कर शहर लौटे नगर उप आयुक्त कृष्ण कुमार का शनिवार को ढोल नगाड़ों एवं अबीर-गुलाल के साथ उनका स्वागत किया गया. इस अवसर पर श्री कुमार ने सफाई कर्मियों और जमशेदपुर वासियों के बीच लड्डू का वितरण किया. इस अवसर पर जमशेदपुर के स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर पप्पू सरदार भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि शहरी स्वच्छता में जमशेदपुर का दबदबा कायम है. स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में जमशेदपुर ने 3 से 10 लाख की आबादी वाले देश के शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है. साथ ही, वर्ष 2019 से झारखंड में पहले स्थान पर कायम है. इतना ही नहीं, जमशेदपुर को फाइव स्टार रेटिंग और वाटर प्लस शहरों की सूची में भी जगह मिली है. जमशेदपुर ने कुल 12, 500 अंकों में शानदार 11,588 अंक प्राप्त किये और पूर्व में हासिल 43वें स्थान से लंबी चलांग लगाकर पूरे देश में तीसरे स्थान पर पहुंच कर शानदार उपलब्धि हासिल की है. दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जमशेदपुर को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
दिल्ली से सम्मान लेकर वापस लौटने पर कृष्ण कुमार ने सफाई कर्मियों एवं जमशेदपुर वासियों के बीच लड्डू वितरण किया. इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए श्री कुमार ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण जमशेदपुर में 2016 से शुरू हुआ. इस बार पूरे देश के 4,559 शहरों ने सर्वेक्षण में भाग लिया. उन्होंने बताया कि 42 दिनों तक जमशेदपुर का सर्वेक्षण एवं आकलन किया गया. फाइव स्टार रेटिंग के लिए भी अलग से टीम आई हुई थी. उन्होंने कहा कि पूरे देश में तीसरा स्थान मिलने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों जो सम्मान मिला, उसको हम व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जुस्को एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति ने साथ मिलकर दिन-रात काम किया है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका स्वच्छता कर्मियों की है. उन्होंने कहा कि हम लोग आगे भी योजना बना रहे हैं कि कैसे जमशेदपुर को पूरे देश में नंबर वन पर लाया जाए. एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विज्ञान भवन में बैठना ही एक अलग एहसास कराता है. इस अवसर पर जमशेदपुर वासियों में भारी उत्साह देखा गया.














