जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रविवार को पुलिस ने बजरंग चौक से बारीडीह चौक तक पैदल मार्च किया. इस अभियान का उद्देश्य इलाके में पुलिस की सक्रियता दिखाना, आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और अपराधियों को कड़ा संदेश देना था. सिदगोड़ा थाना प्रभारी की अगुआई में आयोजित पैदल मार्च में उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और विशेष गश्ती दल के जवान शामिल रहे. पुलिसकर्मी पैदल मार्च के दौरान पूरे मार्ग में स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद करते नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)
मार्च के क्रम में थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आम नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता है और पुलिस इसको लेकर हर समय सतर्क है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरत थाना को दें. स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि ऐसे मार्च से पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है और असामाजिक तत्वों में भय बना रहता है. मार्च के माध्यम से सिदगोड़ा पुलिस ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है.


