जमशेदपुर:जेपीएससी का रिजल्ट आते ही जमशेदपुर के टेल्को की रहने वाली अंकिता कुमारी ने 30वां रैंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है. शादीशुदा और एक बेटी की मां होने के बावजूद अंकिता ने कड़ी मेहनत से सफलता हासिल की. अंकिता ने कहा कि उनका सफर एक सामान्य गृहिणी से शुरू हुआ था. उनकी शादी को चार साल हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि पढ़ाई का सपना हमेशा से था, लेकिन जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई करना आसान नहीं था. उन्हें पति का पूरा सहयोग मिला. रात में घर के लोग सो जाते थे, तब वह पढ़ाई करती थीं. रोज़ दो-तीन घंटे भी पढ़ लेतीं तो खुद को मोटिवेट करतीं कि एक दिन यह मेहनत रंग लाएगी. उन्होंने कहा कि डेडिकेशन और टाइम मैनेजमेंट ही उनकी सफलता की कुंजी रही. उन्होंने टेस्ट सीरीज और न्यूज अपडेट को भी गंभीरता से लिया. (नीचे भी पढ़े)
अंकिता ने कहा कि शादी या मां बनना सपनों का अंत नहीं है. रास्ता मुश्किल होता है, लेकिन अगर चाह है तो राह है और मंज़िल जरूर मिलती है. महिलाएं अगर ठान लें, तो कोई भी मुकाम पा सकती हैं. उनके पति अनुज कुमार ने कहा कि अंकिता की पढ़ाई की लगन को देखकर उन्होंने कभी मना नहीं किया बल्कि उनका साथ दिया. आज उनकी मेहनत रंग लाई है. वहीं, अंकिता की सफलता पर उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया. बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार भी अपनी टीम के साथ उनके घर पहुंचे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.



