जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत गरीब नवाज कॉलोनी, इस्लाम नगर, हबीब नगर, शिव घाट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं से रूबरू हुए और उन्हें हुए नुकसान का जायजा लिया. साथ ही बाढ़ पीड़ितों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया. विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. विधायक ने बाढ़ पीड़ितों के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में हमारी प्राथमिकता हर एक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. (नीचे भी पढ़ें)

आप सभी से आग्रह है कि सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. मौके पर जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान भी उपस्थित थे. उन्हें विधायक ने गरीब नवाज कॉलोनी में स्लुइस गेट का निर्माण करवाने और शिव घाट स्लुइस गेट को रिपेयर करवाने का निर्देश दिया ताकि लोगों के घरों में पानी ना जाये. दूसरी ओर, जुगसलाई का बड़ा हिस्सा बाढ़ में डूब गया है. जुगसलाई सेंट जॉन स्कूल के पास स्थित सीताराम अग्रवाल एंड संस के गोदाम में भी बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे लाखों का नुकसान हुआ. वहीं, कई सारे आसपास के गोदाम, मकान में बाढ़ का पानी घुस गया.











