सबसे पहले कौन सी जमीन समुद्र से बाहर निकली थी – यह बहुत ही दिलचस्प सवाल है. लेकिन इससे भी दिलचस्प इसका उत्तर है, खास कर झारखंड वासियों और उसमें भी सिंहभूम क्षेत्र के निवासियों के लिए तो और भी, कि हम लोग समुद्र से सबसे बाहर निकलनेवाली जमीन पर ही निवास कर रहे हैं. जी हां, लंबे शोधों और चट्टानों के सैकड़ों परीक्षणों के बाद भूवैज्ञानिक इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि सिंहभूम की धरती समुद्र से सबसे पहले बाहर निकली जमीन हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

इस बात से तो सभी सहमत हैं कि सबसे पहले धरती पर चारों ओर पानी ही पानी था. पूरी धरती पर महासागर लहराते थे, पानी के उपर कहीं कोई जमीन नहीं थी. लेकिन फिर धीरे-धीरे धरती के कुछ हिस्सों में जमीन पानी से बाहर उभरने लगी. हाल ही में वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि सबसे पहले जो जमीन समुद्र से बाहर आई थी, वो भारत में ही स्थित है. (नीचे भी पढ़ें)

वैज्ञानिकों ने इधर कुछ महत्वपूर्ण अनुसंधान किये हैं. पहली कि धरती पर सबसे पहले महाद्वीप समुद्र से बाहर आने की घटना 70 करोड़ साल पहले ही घटित हो गई थी. दूसरी – लगभग 3.2 अरब साल पहले जो जमीन सबसे पहले समुद्र से बाहर आई, वो भारत में थी. यह जानकारी ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज’ नाम की एक रिसर्च जर्नल में प्रकशित हुई. इस रिसर्च में भारत, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के वैज्ञानिक शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस शोध में सबसे दिलचस्प बात ये है कि वैज्ञानिकों का दावा है कि दुनिया का पहला समुद्र तट भारत के झारखंड के सिंहभूम जिले में बना था. ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख वैज्ञानिक प्रियदर्शी चौधरी ने भारत के सिंहभूम क्रैटन नाम के क्षेत्र की बहुत पुरानी चट्टानों का अध्ययन किया. यह क्षेत्र पृथ्वी के स्थिर भू-भाग का हिस्सा माना जाता है. उन्होंने इन 3.1 अरब साल पुरानी चट्टानों में मौजूद जिरकॉन नाम के कणों की रासायनिक बनावट का विश्लेषण किया. इससे यह पता चला कि ये कण नदियों और समुद्रों से जुड़े वातावरण में बने थे, यानी उस समय जमीन समुद्र के ऊपर थी. वैज्ञानिकों ने निष्कर्ष निकाला कि सिंहभूम क्षेत्र करीब 3.3 से 3.2 अरब साल पहले समुद्र की सतह से ऊपर उभरना शुरू हुआ था, और यह पृथ्वी के सबसे पुराने समुद्र तटों में से एक हो सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंहभूम इलाके में ऐसे बलुआ पत्थर मिले हैं जिनमें 3.2 अरब साल पुराने समुद्र तटीय निशान पाए गए हैं. आमतौर पर माना जाता है कि महाद्वीपों का निर्माण प्लेट टेक्टोनिक्स (जमीन की प्लेटों की हलचल) से हुआ था, लेकिन इस नई स्टडी का दावा है कि धरती के अंदर से आए मैग्मा (पिघला हुआ गर्म लावा) ने पहला महाद्वीप बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.











