सरायकेला : जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने तमुलिया स्थित आस्था वैली में चल रहे अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली अंग्रेज़ी शराब, निर्माण सामग्री, तीन वाहन, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगामी दुर्गा पूजा को लेकर जिले में अवैध शराब निर्माण व बिक्री को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 18 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में छापेमारी की गई. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने मौके से अजय गोप उर्फ कन्हैया गोप को नकली अंग्रेज़ी शराब का परिवहन करते रंगे हाथ पकड़ा. पुलिस ने स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और टाटा इंडिगो कार से कुल 585 पीस नकली अंग्रेज़ी शराब और 60 लीटर पैकिंग के लिए तैयार शराब बरामद की. आरोपी की निशानदेही पर किराये के डुप्लेक्स में चल रहे मिनी फैक्ट्री से नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्प्रिट, लेबल, झारखंड सरकार के मोनोग्राम, स्टीकर, कांच व प्लास्टिक की बोतलें, ढक्कन और अन्य सामान जब्त किए गए. तलाशी में देशी कट्टा और पांच जिंदा गोली भी मिली. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आगामी दुर्गा पूजा में बढ़ी मांग को देखते हुए आरोपी अपने सहयोगियों के साथ नकली शराब तैयार कर जिले के विभिन्न होटल, ढाबों और दुकानों में सप्लाई करने की योजना बना रहा था. शुक्रवार को इसकी जानकारी एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि विभिन्न धाराओं और एक्साइज एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



