जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत डोबो पुल से शुक्रवार को पुलिस ने एक बुलेट बाइक बरामद किया है. बताया जाता है कि बुलेट आदित्यपुर के धीराजगंज निवासी सूरज गोराई की है. सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक बरामद कर लिया है. हालांकि सूरज का कोई अता- पता नहीं चल सका है. सूरज के परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार शाम से ही गायब है. आशंका जताई जा रही है कि सूरज ने स्वर्णरेखा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली है. सूरज की बुलेट संख्या जेएच05इबी6790 है, जो गुरुवार रात से खड़ी है. आरएसबी कंपनी में काम करता था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है पुलिस युवक की तलाश में जुटी है. गौरतलब है कि डोबो पुल से आत्मघाती छलांग का यह पहला मामला नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पहले भी यहां से कई लोग कूदकर अपनी जान गंवा चुके हैं. इसको देखते हुए प्रशासन ने पुल पर ऊंची जाली लगाने की घोषणा की थी ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके, लेकिन काम अब तक अधूरा है. यही कारण है कि लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि सूरज ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. पुलिस का कहना है कि परिजनों व परिचितों से पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर शहरवासियों को झकझोर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक पुल पर पुख्ता सुरक्षा इंतज़ाम नहीं होते, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा.



