जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन की सेकेंड एंट्री गेट पार्किंग एक बार फिर विवादों में आ गई है. शुक्रवार रात करीब आठ बजे पार्किंग कर्मियों ने पटना जाने वाले यात्री को हॉकी स्टिक से पीटकर घायल कर दिया. इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घायल यात्री की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे. घटना के वक्त वह साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने के लिए सेकेंड एंट्री गेट पहुंचे थे. वहीं पार्किंग शुल्क को लेकर उनकी बहस कर्मियों से हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि कर्मियों ने उन पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मनीष किसी तरह जीआरपी थाना पहुंचे. लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. (नीचे भी पढ़ें)
थोड़ी देर बाद पार्किंग से जुड़े 8 से 10 युवक थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने ही मनीष को जान से मारने की धमकी दी. यहां तक कि हाथापाई की कोशिश भी की गई. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि टाटानगर की पार्किंग असली कर्मियों से ज्यादा असामाजिक तत्वों के कब्जे में है. यात्रियों से विवाद, धमकी और वसूली जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं. लोगों का कहना है कि रेलवे और जिला प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. यात्रियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति पर नियंत्रण नहीं हुआ तो टाटानगर स्टेशन का माहौल बिगड़ता जाएगा. रेलवे जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.



