जमशेदपुर : शनिवार को जमशेदपुर में अचानक मौसम का रुख बदला, जहां साकची थाना क्षेत्र के हावड़ा ब्रिज के पास एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क के बीचों-बीच गिर गया जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं. अचानक पेड़ गिरते ही कई वाहन चालक बाल-बाल बच गए. हालांकि किसी तरह की जान-माल की हानि की सूचना नहीं है लेकिन कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. पेड़ गिरने के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना पाकर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने में जुट गई. साथ ही नगर निगम और दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया. स्थानीय प्रशासन ने पेड़ को काटकर सड़क खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अनुमान है कि कुछ घंटों में सड़क पूरी तरह साफ हो जाएगी और यातायात सामान्य हो जाएगा.



