जमशेदपुर: जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुनि व थाना प्रभारी मौजूद रहे. इस दौरान एसएसपी ने विगत लंबित कांडों, वारंट व कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया. उन्होंने पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में पारदर्शिता एवं समय बद्धता का पालन करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़े)

वहीं, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध सघन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. तकनीकी प्रगति को लेकर एसएसपी ने सीसीटीएनएस, आईटीएसएसओ, आई आरएडी, डॉयल-112, जेओएफएस एवं ई साक्ष्य जैसे पोर्टलों के बेहतर उपयोग पर बल दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स का समय पर अद्यतन और प्रभावी प्रयोग ही पुलिसिंग को मजबूत करेगा. (नीचे भी पढ़े)
आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. एसएसपी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अक्षरशः पालन कराया जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और पूजा पंडालों में विशेष सतर्कता रखी जाए. बैठक में सामूहिक समन्वय और सतत निगरानी को प्राथमिकता देते हुए अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया.











