जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के टीवीएस शोरूम के पास शनिवार रात बदमाशों ने पार्किंग में खड़ी दो कारों का शीशा तोड़कर नकद 50 हजार रुपए और कीमती सामान की चोरी कर ली. घटना रात करीब 9 बजे की है. इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों ने जमकर हंगामा किया. जानकारी के अनुसार, गोलमुरी निवासी प्रशांत सुमन अपनी कार और सोनारी निवासी मेघा अपनी कार लेकर साकची में शॉपिंग करने आए थे. दोनों ने अपनी कारें टीवीएस शोरूम के पास स्थित पार्किंग में खड़ी की थी.
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने दोनों वाहनों का शीशा तोड़ दिया और अंदर रखे नकद रुपए, कागजात तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए. पीड़िता मेघा ने बताया कि कार में जरूरी कागजात और अन्य व्यक्तिगत सामान थे, जबकि प्रशांत सुमन ने बताया कि उनकी कार से नकद रुपए और नए खरीदे कपड़े चोरी हो गए. चोरी की सूचना पाकर साकची थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने पार्किंग के एक कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
घटना के बाद पार्किंग प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे. इस घटना के बाद पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने को लेकर लोगों में डर का माहौल है. साकची थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.




