गम्हरिया : विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर सरायकेला के रामचंद्रपुर फुटबॉल मैदान में विश्व आदिवासी सावता सुसार अखड़ा की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन मुख्य अतिथि जबकि भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन विशिष्ट अतिथि थे. इसमें जिला परिषद् अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, सिमल सोरेन, बबलू नाथ सोरेन एवं जिला संयोजक रामदास टुड़ू भी उपस्थित रहे.इससे पूर्व पूर्व सीएम ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के आंदोलन का लम्बा इतिहास रहा है और यह दिन महान क्रांतिकारियों को नमन करने का है. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने सरकार पर आदिवासी-मूलवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सीएनटी/एसपीटी एक्ट उल्लंघन, भूमि अधिग्रहण और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों पर निशाना साधा. श्री सोरेन ने नगड़ी में रिम्स-2 के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध करते हुए 24 अगस्त को लाखों आदिवासियों के साथ उक्त जमीन पर हल चलाने की घोषणा करते हुए सरकार को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो रोक कर दिखाए. उन्होंने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए सजग रहने का आह्वान किया.कार्यक्रम को मंच के सोनाराम बोदरा, बाबूलाल सोरेन और रामदास टुडू ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम की शुरुआत में दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.











