गालूडीह: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय गालूडीह शाखा में रविवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्ष और उमंग के साथ किया गया. कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संजू एवं बीके अलका बहन ने सभी आगंतुकों को तिलक लगाकर पवित्र रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी. इस दौरान वातावरण ईश्वरीय मधुर वचनों और आध्यात्मिक स्नेह से सराबोर रहा. शाखा प्रभारी बीके संजू बहन ने कहा कि सच्चा रक्षाबंधन केवल एक धागा नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा के बीच पवित्र प्रेम और मर्यादा का बंधन है.(नीचे भी पढ़े)
यह हमें याद दिलाता है कि जैसे भाई बहन एक-दूसरे की रक्षा का वचन देते हैं, वैसे ही हमें भी अपनी आत्मा को विकारों से बचाने का संकल्प लेना चाहिए. इस पवित्र धागे का आध्यात्मिक अर्थ है अपने जीवन में सात्विकता पवित्रता, सत्य और आत्मसम्मान की रक्षा करना. जब हम परमपिता शिव से योग द्वारा जुड़ते हैं, तो उनकी शक्तिशाली संरक्षण छत्रछाया में हमारे मन, बुद्धि और कर्मों की रक्षा होती है. यही सच्चा और अटूट रक्षाबंधन है, जो हमें जन्म-जन्मांतर के लिए सुख, शांति और सुरक्षा प्रदान करता है. वहीं, कार्यक्रम के अंत में विधायक सह स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गयी. मौके पर दुर्गाचरण मुर्मू, मानस दास, सचिन सरकार, अबनी महतो, संजू दीदी, अलका दीदी, प्रीति बहन, शिवानी बहन रंजीत भाई, सोमा बहन, पुष्पा बहन, संजय भाई, दिनेश भाई, अभिषेक भाई, रामलाल भाई, अनिल भाई, शंकर भाई, बसंत भाई, अजय भाई आदि उपस्थित थे.











