जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के आकाशगंगा के पास सोमवार की शाम सड़क हादसे में दो स्कूटी सवार महिलाएं घायल हो गईं. हादसा उस समय हुआ जब साकची से मानगो की ओर जा रही स्कूटी को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार एक महिला सड़क पर गिरकर बेहोश हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक दुर्घटना के तुरत बाद मौके से फरार हो गया. घायल महिला के सिर में चोट आई है. हालांकि गनीमत रही कि चोट गंभीर नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरत पुलिस को सूचना दी और घायल को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया. थोड़ी देर बाद महिला को होश आ गया. दूसरी महिला को हल्की चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और टक्कर मारने के बाद बिना रुके मौके से निकल गया. घटना के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से पूछताछ की स्थानीय लोगों ने बताया कि आकाशगंगा के पास शाम के समय यातायात दबाव के कारण अक्सर वाहन चालक तेजी से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है.











