हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव में मंगलवार को एनटीपीसी बादाम कोल ब्लॉक की जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. जनसुनवाई का जगह बदलने पर गुस्साई भीड़ ने एनटीपीसी के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें एनटीपीसी बादाम के जीएम एके सक्सेना सहित कई लोग घायल हो गए. साथ ही प्रदर्शनकारियों ने करीब 15 सरकारी और पुलिस गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय में जनसुनवाई किया जाना था. (नीचे भी पढ़े)
लेकिन अचानक जनसुनवाई के स्थान को बदलकर महगाई कला कर दिया गया. जब ग्रामीण वहां पहुंचे, तो उनकी सरकारी अधिकारियों और पुलिस बल से झड़प हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया और उन पर हमला किया. प्रदर्शनकारियों ने सरकारी और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की. इस हमले में एनटीपीसी के जीएम एके सक्सेना समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है. प्रशासन ने बताया कि दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.











