बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक से सटे मिर्जाडीह हाट के समीप शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा. सूचना पाकर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. शव पुलिया के नीचे गिरा हुआ था. स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. लोगों में इस बात की चर्चा रही कि मौत किन परिस्थितियों में हुई है. प्रथम दृष्टया पुलिस इसे हत्या, आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से जोड़कर देख रही है, हालांकि अब तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों व राहगीरों से मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा. थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के थानों व लापता व्यक्तियों के बारे में सूचना मंगाई जा रही है. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में जानकारी हो तो तुरंत थाने को सूचित करें घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों का कहना है कि डिमना लेक क्षेत्र में यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की घटना सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है.











