लातेहार: पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बेतला नेशनल पार्क के जंगल में वन विभाग की टीम गश्ती पर निकली थी. इस दौरान टीम को देसी बंदूक से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद गश्ती टीम के सदस्य उसी ओर भागे, तो दो अपराधियों ने टीम पर फायरिंग कर दी. गश्ती टीम ने दोनों बदमाशों को दो देसी बंदूक के साथ पकड़ा. दोनों की शिनाख्त लोधा मुंडा व लखन परहिया के रूप में की गयी. घटना की सूचना डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना को दी गई. डिप्टी डायरेक्टर के निर्देश पर बेतला रेंजर उमेश दुबे के नेतृत्व में टीम गठित कर पकड़े गए दोनों अपराधियों की निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़े)
इसमें दो और बदमाश सोम मुंडा व बलराम सिंह को गिरफ्तार किया गया. उनकी निशानदेही पर दो और देसी बंदूक, चार हिरण के सिंग, दो टॉर्च, छोटा तसला, समेत अन्य सामग्री बरामद की गई.बेतला के डायरेक्टर लॉज में सोमवार को डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना व रेंजर उमेश दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि वन व वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्ती अभियान चलाया जायेगा. चारों आरोपियों को लातेहार जेल भेज दिया गया. गिरोह में शामिल अन्य छह लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. छापामारी टीम में संतोष कुमार सिंह, देव्पाल भगत, निरंजन कुमार, गुलशन सुरीन, राजेश कुमार, संतोष सिंह समेत वन विभाग के कर्मी शामिल थे.











