गालूडीह: केंद्रीय नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्वास) टीम ने मंगलवार को बड़ाखुर्शी पंचायत के बांधडीह गांव में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मरीजों को दी जाने वाली विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का मूल्यांकन किया. टीम में लखनऊ से डॉ दीप्ति शुक्ला और छत्तीसगढ़ से डॉ देवेंद्र सिंह गुरजार शामिल रहे. टीम का पारंपरिक आदिवासी नृत्य से स्वागत किया गया. घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरएन सोरेन ने पुष्पगुच्छ और बिरसा मुंडा का मोमेंटो देकर स्वागत किया. इसके बाद टीम ने सीएचओ कल्याणी महतो से मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. (नीचे भी पढ़े)
टीम ने वहां की व्यवस्था को बारीकी से देखा और संबंधित अभिलेखों की जांच की. टीम ने ओपीडी, ड्रेसिंग रूम, टीकाकरण कक्ष, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कक्ष, जनरल वार्ड, फार्मेसी कक्ष, लैब आदि का निरीक्षण किया. साथ ही पिछले छह महीने में किये गये कार्य संबंधित जानकारी व फाइलों की जांच की. उन्होंने बताया कि जिले में सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का एनक्वास टीम निरीक्षण कर रही है. बेहतर सुविधा प्रदान करने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को राष्ट्रीय स्तर का सर्टिफिकेट प्रदान किया जायेगा. मौके पर बीपीएम मयंक कुमार, बीटीटी वंदना माईती, ग्राम प्रधान सुधीर बिषई, सपन सिंह, मुखिया हरिपद सिंह, सुमित्रा मार्डी, सहिया साथी गीता रानी गोप, सहिया कल्पना महतो, जयंती महतो, विमला पातर, सपना सिंह, हीरा मुर्मू, संगीता दे, सुप्रिया दे, अमृता रानी आदि उपस्थित थे.











