जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने रेलवे की ओर से संतरागाछी से टाटानगर होकर जयपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मंजूरी दिये जाने का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान में रहनेवाले राजस्थानी मूल के लोग, और विशेष रूप से सिंहभूम चैंबर, जो वर्षों से टाटानगर होकर जयपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाये जाने की मांग करते आ रहे थे, उनके लिए आज बहुत खुशी का दिन है. उन्होंने कहा कि सिंहभूम चैंबर वर्षों से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग करता आ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि चैंबर के अध्यक्ष के रूप में तत्कालीन महासचिव मानव केड़िया के साथ रेल मंत्रालय में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अपनी मांग को लेकर एक पत्र सौंपा था. उस समय श्री वैष्णव ने उनकी मांग की पूर्ति का आश्वासन दिया था. आज उन्होंने अपना वायदा पूरा कर दिया है. इससे जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान में रहनेवाले राजस्थान मूल के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. श्री मूनका ने इसके लिए रेलमंत्री श्री वैष्णव के साथ ही इसमें किसी भी तरह से थोड़ी भी मदद करने वाले सभी लोगों का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि चैंबर के प्लैटिनम जुबिली समारोह में शामिल होने आये लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को भी उन्होंने चैंबर अध्यक्ष के रूप में जयपुर के लिए सीधी ट्रेन की मांग से अवगत कराया था. इस रेलसेवा की मंजूरी में उनकी भी अनुशंसा रही है, जिसके लिए उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष श्री बिड़ला का भी आभार जताया है.







