जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा स्थित भारती एंटरप्राइज के प्रोपराइटर एवं बिल्डर नवीन प्रकाश को चेक बाउंस मामले में न्यायालय ने दोषी करार देते हुए एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही अदालत ने शिकायतकर्ता को शेष मूल राशि एवं क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने का आदेश भी दिया है. मामले के अनुसार, सीतारामडेरा के भुइयांडीह निवासी सत्य नारायण सिंह ने फ्लैट खरीदने के उद्देश्य से नवीन प्रकाश को पैसे दिए थे. आरोप है कि रकम लेने के बावजूद बिल्डर ने न तो फ्लैट का निर्माण कर सौंपा और न ही लंबे समय तक पैसा वापस किया. काफी प्रयास और दबाव के बाद नवीन प्रकाश पैसे लौटाने के लिए तैयार हुआ और सत्य नारायण सिंह को 11,50,000 रुपये का चेक दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, जब चेक को बैंक में भुगतान के लिए प्रस्तुत किया गया तो वह बाउंस कर गया. इसके बाद सत्य नारायण सिंह ने नवीन प्रकाश के खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय में मामला दर्ज कराया. मामले की सुनवाई के दौरान नवीन प्रकाश द्वारा 1,00,000 रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन शेष राशि का भुगतान नहीं किया गया. सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने नवीन प्रकाश को धारा 138 एनआई एक्ट के तहत दोषी पाया. अदालत ने अपने आदेश में नवीन प्रकाश को शिकायतकर्ता को शेष मूल राशि 10,50,000 रुपये तथा 2,81,750 रुपये क्षतिपूर्ति राशि के रूप में भुगतान करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही न्यायालय ने आरोपी को एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा भी सुनाई.

















