सासाराम: बिहार में सासाराम में प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में ही आग लग गई. इसके बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई. हादसा सोमवार की सुबह-सुबह हुआ जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी भभुआ सासाराम पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की एक जनरल बोगी से धुआं उठने लगा. इसके बाद उसमें आग भड़की. बताया जा रहा है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी, तभी अचानक से जनरल बोगी से धुआं उठना शुरू हुआ. इसके बाद आग भड़क उठी. बोगी में इस दौरान यात्री भी थे. लेकिन आग लगते ही सारे यात्री बाहर आ गए. थोड़ी देर के लिए भगदड़ की स्थिति भी बन गई. कई यात्री तो अपना सामान छोड़ कर भागने लगे. यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी थे. (नीचे भी पढ़े)
सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे. घटना सोमवार की सुबह करीब 6 बजे की बताई जाती है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रबंधन की नाकामी के कारण ट्रेन को ज्यादा नुकसान हुआ. अगर समय रहते आग बुझाने के लिए पानी और अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग हुआ रहता, तो ट्रेन को नुकसान होने से बचाया जा सकता था. लोगों ने बताया कि ट्रेन में री-फिलिंग के लिए बिछाई पाइपलाइन में ना तो पानी थी और न ही रेलवे के अग्निशमन सिलेंडरों में गैस. रेलवे प्रबंधन की नाकामी के कारण शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका और देखते हीं देखते ट्रेन की बोगियां धधक उठीं.








