जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक के नंबर प्लेट बदलकर तथा इंजन और चेचिस नंबर को खरोंचकर वाहनों की बिक्री करते थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार साकची में 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी. घटना के बाद साकची थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. (नीचे भी पढ़ें)
वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर, जमशेदपुर के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने शमशाद आलम को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपने सहयोगी अरुण मुखर्जी का नाम बताया. इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक बाइक सहित कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे साकची थाना समेत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उसे मॉडिफाई कर बेचने का काम करते थे. गिरफ्तार आरोपियों में आजादनगर का शमशाद आलम (23 वर्ष), और मानगो का अरुण मुखर्जी शामिल हैं. दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.







