जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 स्थित इस्लामनगर में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आने से इलाके में दहशत फैल गई. घटना मजार के सामने हुई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया गया है, जिससे फायरिंग होने की पुष्टि की बात कही जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. हालांकि, फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फायरिंग के कारणों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है.







