जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवींद्र सिंह उर्फ रवि खेड़ा ने मंगलवार को पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. उसने सिविल जज विश्वनाथ उरांव की अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गोलमुरी थाना क्षेत्र में लोचन नामक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में रवि खेड़ा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था. घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस की सख्ती और संभावित कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की आशंका के बीच आरोपी ने अदालत में सरेंडर करने का फैसला लिया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रवि खेड़ा शहर का एक शातिर अपराधी माना जाता है. उसके खिलाफ गोलमुरी थाना समेत शहर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के कई केस दर्ज हैं. पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है. आरोपी के सरेंडर को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.







