जमशेदपुर: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली में एक महिला के घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है. पीड़िता फरजाना खातून ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मंगलवार को उनके घर में रखे सोने के कई आभूषण और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन गायब पाए गए. परिवार के सभी सदस्यों ने घर में काफी खोजबीन की, लेकिन सामान का कोई पता नहीं चल सका. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की. फरजाना खातून ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठी, झुमका, चूड़ी, कान की बाली, लॉकेट समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं. उनके अनुसार चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये है, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि घटना वाली रात उनके पति ड्यूटी पर गए हुए थे. वह अपनी बेटी के साथ एक कमरे में सो रही थीं और घर का ग्रिल लॉक कर दिया गया था. सुबह पति के लौटने पर उन्होंने स्वयं ग्रिल खोली और फिर कमरे में जाकर सो गईं. कुछ देर बाद उनके पति भी दूसरे कमरे में सो गए. पीड़िता का आरोप है कि चोरों ने ग्रिल में हाथ डालकर अंदर से लॉक खोला और घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद परिवार के सदस्य दहशत और चिंता में हैं. फरजाना खातून ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से न तो उनके घर आकर जांच की गई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई. पीड़िता ने यह भी दावा किया कि पड़ोस की एक महिला ने उनके घर से दो-तीन महिलाओं को निकलते हुए देखा था. उन्हें संदेह है कि उन्हीं महिलाओं ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.








