जमशेदपुर : मानगो में एक परिवार ने कुछ लोगों के खिलाफ अपने 35 साल पुराने मकान के मुख्य दरवाजे को जबरन बंद कराने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मानगो थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है. परिवार के अनुसार कुछ लोगों ने उनके घर में घुस कर महिलाओं के साथ भी मारपीट की, जिसमें एक गर्भवती महिला भी घायल हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)

पीड़ित परिवार का कहना है कि उक्त दरवाजा पिछले 35 वर्षों से उपयोग में है और उसे लेकर कभी कोई विवाद नहीं था. उनका आरोप है कि शुक्रवार को कुछ लोग अचानक पहुंचे और दरवाजा बंद करने का दबाव बनाने लगे. जब परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर उनके साथ न सिर्फ दुर्व्यवहार किया, बल्कि मारपीट भी की. मारपीट में घर की एक गर्भवती महिला समेत अन्य महिलाओं को चोटें आई हैं. वहीं घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बारे में पीड़ित पक्ष के माजिद उर्फ कड़कू ने जानकारी दी कि पुलिस की जांच के बाद घटना की पुष्टि हो सकेगी, फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.







