सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत की ओर से संचालित 22 दिवसीय सघन सफाई अभियान के समापन एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वार्ड -11, दीवानसाही स्थित रिवर व्यू पार्क (छऊ पार्क) में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अगुआई में पौधा रोपण किया गया. कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद गौतम नायक, अंजलि राय, ज्योति साहू, विक्रम सिंह मोदक, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, नगर प्रबंधक महेश जारिका, स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर चांदनी मिंज सहित अन्य जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी, सफाई कर्मी एवं नगरवासी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि पिछले 22 दिनों में नगर पंचायत के जन प्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से सरायकेला को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. अभियान के दौरान कई वर्षों से जमा कचरे की सफाई की गई, नालियों को साफ किया गया तथा स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं था, बल्कि लोगों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी, सहभागिता और स्वामित्व की भावना विकसित करने का एक प्रयास था. उन्होंने सभी सफाई कर्मियों, वार्ड पार्षदों, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का हृदय से आभार जताया, जिनके सहयोग से यह अभियान सफल हो सका. (नीचे भी पढ़ें)

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब तक हम स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद नहीं करेंगे, पेड़ों की रक्षा नहीं करेंगे और अपने आसपास की स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक स्वच्छ और हरित सरायकेला का सपना अधूरा रहेगा.







