जमशेदपुर: जमशेदपुर की प्रतिभाशाली महिला सोनाली मुखर्जी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा,आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ‘मिसेज ग्लोबल इंडिया यूनिवर्सल 2026’का खिताब अपने नाम कर लिया है. उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड का गौरव बढ़ा है.उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित भव्य सौंदर्य एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच सोनाली मुखर्जी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उन्होंने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, मंचीय प्रस्तुति तथा सामाजिक सोच का प्रभावशाली परिचय देते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया.(नीचे भी पढ़े)

फाइनल राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ‘मिसेज ग्लोबल इंडिया यूनिवर्सल 2026’का विजेता घोषित किया गया. इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रसिद्ध फैशन एवं पेजेंट डायरेक्टर राहुल ठाकुर के नेतृत्व में किया गया था.अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोनाली मुखर्जी ने कहा कि यह उपलब्धि उनके परिवार, शुभचिंतकों और उन सभी लोगों के सहयोग एवं विश्वास का परिणाम है, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं.(नीचे भी पढ़े)
सोनाली मुखर्जी ने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखने और जीवन में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है.जमशेदपुर एवं झारखंड के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और महिला संगठनों ने सोनाली मुखर्जी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.







