जमशेदपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा से गुवा जाने वाले रेल मार्ग पर पोल संख्या 3907जी/8जी के समीप रविवार को रेल पटरी किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बड़ाजामदा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई. जांच के दौरान मृतक की पहचान अशोक गिरी के रूप में हुई. वह ओडिशा के नक्सरा गांव का निवासी था. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. बताया जा रहा है कि हादसा शनिवार को हुआ था, जबकि इसकी सूचना पुलिस को रविवार दोपहर करीब 12 बजे मिली.(नीचे भी पढ़े)
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में रेल पटरी तक पहुंचा और हादसा कैसे हुआ. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.






