जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मन्दिरम में चल रहे नवग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का दूसरा दिन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर सीएच रमना राव एवं पद्मा राव ने जजमान के रूप में उपस्थित होकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. महोत्सव के दौरान आंध्र प्रदेश से पधारे सुप्रसिद्ध वैदिक पंडितों एस. उमामहेश्वर राव, प्रसाद शर्मा (श्रीकाकुलम), ए. राजेश्वर शर्मा (विजयनगरम), एन. शंकरन, ए. बाल कृष्णा, वी.एस. मूर्ति, जी. भारद्वाज शर्मा, ए. वेंकटेश और एन. बापिराजु द्वारा दक्षिण भारतीय शैली में पूर्ण विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराए गए. महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातःकालीन उपासना, अग्नि कार्य और गणपति होम के साथ हुई. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद चंडी पारायण, नवग्रहों का जाप, मूल मंत्रों का होम और सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया. लोक कल्याण के लिए नवग्रह शांति पूजा, अष्टोत्तरशत पूजा और महाम्यासपूर्वक एकादश रुद्राभिषेक संपन्न हुआ. सांध्यकालीन सत्र में चंडी होम, आवाहित सर्वदेवता होम, कला होम, न्यास होम, धान्यधिवासम और शय्याधिवासम सहित बलि अर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई. इस धार्मिक आयोजन में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बीडी गोपाल कृष्णा, डिप्टी प्रेसिडेंट जम्मी भास्कर, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, उपाध्यक्ष सी.एच. रमना राव, उपाध्यक्ष गंगा मोहन, उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव, महेश राव, चंद्रशेखर राव, नागेश राव, नाना जी, राजशेखर राव, रवि शेखर, डी. रामू राव, नरसिंह राव, ईस्वर राव और रमेश राजू सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे.








