बोड़ाम : बोड़ाम के प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे लोगों की कार बुधवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई. आंधारझोर टोला बेलगोड़ा के पास कार का टायर फट जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही एक बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि सभी लोग सुरक्षित बच गए. जानकारी के अनुसार, आंधारझोर गांव निवासी भास्कर रुहिदास अपने बच्चे को जमशेदपुर में डॉक्टर को दिखाकर बोलेरो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेलगोड़ा गांव के समीप तेज रफ्तार कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे बोलेरो से जा भिड़ी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन लेकर डिमना की ओर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और बोड़ाम पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जाता है कि कार जमशेदपुर निवासी शेखर राव चला रहे थे. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कार में सवार सभी लोग शराब के नशे में थे. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार सवार सभी लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों के साथ-साथ वाहन सवारों द्वारा शराब सेवन किए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.







