जमशेदपुर: हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसके सिर पर अपना घर हो. जमशेदपुर में शुक्रवार को 340 परिवारों का यह सपना साकार हो गया. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों की चाबियां पहले चरण में लाभुकों को सौंप दी गयी. नए घर में प्रवेश करते ही लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला. बिरसानगर स्थित मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित बहुमंजिला आवासीय परिसर में गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया. वहीं, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो तथा जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई. (नीचे भी पढ़ें)

परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है. इनमें से 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित किश्त जमा कर दी है, जिसके बाद उन्हें पहले चरण में उनके आवास की चाबी सौंपी गयी. शेष लाभुकों को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आगामी चरणों में फ्लैट आवंटित किए जाएंगे. इस आवासीय परियोजना की आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गयी थी. निर्माण कार्य में विभिन्न कारणों से समय लगा, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है. नए घर की चाबी प्राप्त करने के बाद लाभुकों की खुशी देखते ही बन रही थी. कई परिवारों ने बताया कि वे वर्षों से किराये के मकानों में रह रहे थे और अपना घर होने का सपना देख रहे थे. आज वह सपना साकार हो गया है. लाभुकों ने कहा कि किफायती दर पर आवास उपलब्ध होने से उन्हें आर्थिक राहत मिली है और परिवार को स्थायी छत नसीब हुई है. लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है. गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान लाभुकों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखा गया तथा कई परिवारों ने अपने नए घर में पूजा-अर्चना कर नई शुरुआत की.







