जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हंगामा किया. काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया. जानकारी के अनुसार, बस्ती में एक पति-पत्नी के बीच शनिवार शाम विवाद हुआ था. शिकायत मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची. पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाना ले जा रही थी. इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने पति को वाहन में बैठाने के लिए धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और संबंधित पुलिसकर्मी को घेर लिया. उसे बचाने पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों का भी लोगों ने विरोध किया. स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिस पुलिसकर्मी ने धक्का दिया, वह नशे की हालत में था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. लोगों का कहना था कि घायल व्यक्ति को जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की जा रही थी, इसी दौरान यह घटना हुई. (नीचे भी पढ़ें)
घायल व्यक्ति को पुलिस द्वारा इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया. थाना प्रभारी ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस टीम गई थी, जहां एक जवान द्वारा पति को धक्का दिए जाने से वह गिरकर घायल हो गया. उन्होंने मामले की जांच और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई.




