जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो चौक स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब कई वाहन चालकों ने पेट्रोल में पानी मिले होने का आरोप लगाया. जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार ने अपनी गाड़ी में 200 रुपए का पेट्रोल भरवाया. पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद जब उसने बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की तो गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद वह बाइक को मैकेनिक के पास ले गया, जहां जांच के दौरान मैकेनिक ने दावा किया कि पेट्रोल में पानी मिला हुआ है. इसके बाद बाइक सवार वापस पेट्रोल पंप पहुंचा. आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मियों ने पाइप की मदद से बाइक के टैंक से पेट्रोल बाहर निकाला, जिसमें पानी होने की बात सामने आई. इसके बाद एक-एक कर कई अन्य वाहन चालक भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी आरोप लगाया कि उनकी गाड़ियों में भरे गए पेट्रोल में पानी मिला हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
देखते ही देखते पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा शुरू हो गया. बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 वाहन चालकों ने इसी तरह की शिकायत की. वहीं, पेट्रोल पंप संचालक ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. हालांकि, शिकायत करने वाले लोगों को पेट्रोल के पैसे वापस करने और यदि किसी वाहन को नुकसान हुआ है तो उसकी भरपाई करने का आश्वासन दिया गया. फिलहाल वाहन चालकों ने पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप लगाया है. ज्ञात हो कि यह सभी आरोप बाइक मालिकों द्वारा लगाया गया है, मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पेट्रोल में वास्तव में पानी कैसे और किस कारण मिला या कुछ और मामला है.







