जमशेदपुर : जमशेदपुर के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो इलाके में शनिवार शाम सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में टेंपो का पहिया फंस जाने से बड़ा हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया, जिससे उसमें सवार दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है. सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. घायल महिलाओं की पहचान सोनारी निवासी सुविता प्रमाणिक (27) और सीमा प्रमाणिक (30) के रूप में हुई है. घायलों के भाई बुद्धेश्वर प्रमाणिक ने बताया कि तीनों फदलोगोड़ा स्थित आशियाना वुडलैंड में मजदूरी का काम करते हैं. शनिवार को काम समाप्त होने के बाद वे टेंपो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान डोबो के पास सड़क किनारे चौड़ीकरण कार्य के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में टेंपो का पहिया चला गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी. दुर्घटना के बाद बारिश और ठंड के कारण दोनों घायल महिलाएं घटनास्थल पर ही कांपने लगीं. एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर चिकित्साकर्मियों ने उन्हें कंबल उपलब्ध कराया और प्राथमिक उपचार शुरू किया. उपचार के बाद दोनों की स्थिति में सुधार बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.







