जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के तिलक नगर स्थित बागुनहातु छठ घाट के समीप रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा. शव की स्थिति काफी खराब थी और वह सड़-गल चुका था. घटना की सूचना तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
सिदगोड़ा थाना पुलिस के अनुसार शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.






