सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में रविवार को शराब से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा झाबरी गांव के समीप एनएच पर हुआ, जहां वाहन धनबाद से जमशेदपुर की ओर जा रहा था. दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन में लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई. देखते ही देखते कई लोग बोतलें अपने साथ ले गए. चालक ने लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन अफरा-तफरी के माहौल में कोई उसकी बात सुनने को तैयार नहीं था. कई बोतलें सड़क पर टूटकर नष्ट भी हो गईं.घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाया. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया. जानकारी के अनुसार वाहन में करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी हुई थी. हादसे में लगभग 80 प्रतिशत शराब नष्ट हो गई, जबकि बची हुई कई बोतलें ग्रामीण उठा ले गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई.




