गालूडीह: खरीफ मौसम की तैयारी में जुटे किसानों के लिए राहत भरी खबर है. गालूडीह के महुलिया लैम्पस में धान बीज की खेप पहुंच गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है. बीज उपलब्ध होने के बाद किसान धान का बिचड़ा तैयार करने और खेती कार्य में तेजी लाने लगे हैं. महुलिया लैम्पस में दस क्विंटल सुवर्णा एमटीयू 7029 किस्म का धान बीज पहुंचा है. किसानों के बीच धान बीज सोमवार से वितरण शुरू हो गया है. जानकारी के अनुसार, धान बीज की सरकारी कीमत 41 रुपये प्रति किलोग्राम है, जो किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मात्र 20.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगा. बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को आधार कार्ड और जमीन से संबंधित दस्तावेज के साथ लैम्पस में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच पहुंचना होगा. (नीचे भी पढ़े)
मालूम हो कि लैम्पस में धान बीज देरी से पहुंचने के कारण अब तक कई किसानों ने महंगे दामों पर बाजार से धान बीज खरीद लिया है. किसानों ने बताया कि देर से ही सही पर बीज उपलब्ध होने से उन्हें खेती की तैयारी में सुविधा होगी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद बढ़ी है. पिछले कुछ दिनों से किसान धान बीज की प्रतीक्षा कर रहे थे. लैम्पस कर्मचारी ने बताया कि सोमवार से किसानों को निर्धारित दर पर धान बीज उपलब्ध कराया जायेगा. किसानों से आवश्यक दस्तावेज के साथ लैम्पस पहुंचकर बीज प्राप्त करने की अपील की गई है. इधर, धान बीज की उपलब्धता से क्षेत्र में खरीफ खेती की गतिविधियां तेज हो गई हैं और किसान नर्सरी की तैयारी में जुट गए हैं.







