सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूडीह-चौका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बाबूडीह निवासी मकर महतो के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही तिरुलडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बांदावीर गांव निवासी प्रफुल्ल महतो मकर महतो को मोटरसाइकिल से अपने साथ लेकर गए थे. परिवार को बताया गया था कि वे जल्द लौट आएंगे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान ग्रामीणों ने बाबूडीह-चौका मुख्य सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मकर महतो के रूप में की, जिसके बाद तिरुलडीह थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक की पत्नी सुभद्रा महतो ने तिरुलडीह थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जिन लोगों के साथ उनके पति घर से निकले थे, उनके लौटने से पहले ही मकर महतो का शव बरामद हो गया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही.







