रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने चाईबासा में कोल्हान प्रमंडल के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में नक्सल विरोधी अभियान, अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई. इस दौरान रांची मुख्यालय से आए ऑपरेशन आइजी नरेन्द्र कुमार सिंह, सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के आइजी, एसटीएफ के आइजी अनूप बिरथरे, कोल्हान डीआइजी, जमशेदपुर एसएसपी, चाईबासा एसपी, सरायकेला एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने अधिकारियों को एंटी नक्सल ऑपरेशन को और तेज करने तथा अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. बैठक के बाद चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने बताया कि जिले में नक्सली गतिविधियां अब काफी सीमित हो गई हैं. सारंडा में सक्रिय बड़े नक्सली नेता छोटे-छोटे समूहों में बंट चुके हैं और उनकी हर गतिविधि पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है. उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही इनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने यह भी कहा कि ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है. झारखंड पुलिस नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.







