सरायकेला : कपाली ओपी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर जानलेवा फायरिंग मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल भी बरामद कर ली है. शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि गुरुवार को कपाली ओपी क्षेत्र में आरोपी गोल्डन ने शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई, उर्फ काना पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की थी. गोली काना बाबू के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजवाया. घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया. घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह देर रात अपने घर कपड़े लेने आएगा. सूचना के आधार पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर के बाहर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल बरामद कर ली गई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में छह मामलों में जेल जा चुका है. पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है. इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू तथा टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे. एसपी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.







