जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस एयर रेड, ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक, सिविल डिफेंस के वार्डन, अग्निशमन विभाग, जुस्को तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में 13 जुलाई को प्रस्तावित सिविल डिफेंस एयर रेड व ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)
मॉक ड्रिल के आयोजन स्थल पर भी चर्चा हुई. इसकी अंतिम जानकारी उपयुक्त माध्यमों से समय पर नागरिकों एवं संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी. बैठक में बताया गया कि मॉक ड्रिल के दौरान एयर रेड (हवाई हमले की चेतावनी), अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट व्यवस्था, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), शेल्टरिंग, सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल रिस्पॉन्स तथा कैजुअल्टी इवैक्यूएशन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया जाएगा. उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित एवं समन्वित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना, अर्ली वार्निंग सिस्टम एवं ब्लैकआउट व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के डाटाबेस का सत्यापन एवं अद्यतन सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने, उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करने तथा मॉक ड्रिल के दौरान अपनी निर्धारित भूमिका का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के दौरान सभी विभाग पूर्णतः अलर्ट मोड में रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.







