जमशेदपुर: जमशेदपुर के व्यस्त बिष्टुपुर बाजार में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर करीब 1.90 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर दुकानदारों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है. जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले श्याम जनरल स्टोर का ताला तोड़कर अंदर घुसे. (नीचे भी पढ़ें)
दुकान संचालक राकेश कुमार ने बताया कि गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद चोर लेकर फरार हो गए. इसके बाद चोरों ने पास स्थित अब्दुल कलाम की फल दुकान को निशाना बनाया और वहां रखी पेटी से करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर ली. शनिवार सुबह जब दोनों दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और गल्ले से नकदी गायब थी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर जुट गए और बाजार में लोगों की भीड़ लग गई. व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की. सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. व्यापारियों ने मांग की है कि बिष्टुपुर जैसे प्रमुख बाजार में रात के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए. पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिया है.















