सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर करीब एक बजे दिनदहाड़े एक व्यक्ति की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार से पांच हमलावरों ने बीच सड़क पर जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा पर ताबड़तोड़ धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमला इतना तेज था कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के समय आसपास काफी लोग मौजूद थे, लेकिन भय के कारण कोई भी खुलकर कुछ बताने को तैयार नहीं हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा के रूप में की है. समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.















